
टीम ब्रेक न्यूज़ ब्यूरो
उत्तर प्रदेश राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बन गई है। गोरखपुर से सांसद योगी आदित्यनाथ ने यूपी के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले भी ली है। योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट में कुल 47 मंत्री हैं। इसमें 13 को राज्यमंत्री बनाया गया है। इसमें से कई ऐसे नेता भी शामिल हैं जो किसी और दल से आकर चुनाव से पहले या उसके आसपस के वक्त में भाजपा में शामिल हुए। ऐसे ही कुछ नेताओं की लिस्ट ये रही –
1. रीता बहुगुणा जोशी: लखनऊ कैंट से विधायक चुनी गई हैं। चुनाव से पहले ये कांग्रेस के साथ थीं। लंबे समय तक कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रह चुकी हैं। इनके पिता हेमवती नंदन बहुगुणा भी यूपी के सीएम रह चुके हैं।
2. स्वामी प्रसाद मौर्य: चुनाव के पहले बसपा छोड़कर भाजपा में हुए थे शामिल। कुशीनगर की पडरौना सीट से विधायक चुने गए हैं।
3. अनिल सिंह राजभर: राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की शपथ ली। वह पश्चिमी यूपी से आते हैं। सीपीआई और बसपा से होते हुए भाजपा पहुंचे थे।
4. धर्म सिंह सैनी: राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की शपथ ली। वह बसपा छोड़कर भाजपा में आए। ये चौथी बार विधायक बने हैं। ये सहारनपुर की नकुड़ सीट से विधायक हैं। इन्होंने इमरान मसूद को हराया है। यूपी के पहले भी मंत्री रह चुके हैं।
5. लक्ष्मी नारायण चौधरी: मथुरा की छाता विधानसभा सीट से विधायक हैं। पहले भी मंत्री रह चुके हैं। बसपा छोड़कर भाजपा में आए हैं।
6. दारा सिंह चौहान: मऊ की मधुबन सीट से चुने गए हैं विधायक। पूर्व सांसद हैं। 2015 में बसपा छोड़कर सपा में आ गए और अब भाजपा में शामिल हैं।
यूपी ही नहीं भाजपा ने उत्तराखंड में भी कांग्रेस के कई नेताओं को चुनाव से पहले अपनी तरफ किया था। सतपाल महाराज जो कि पहले कांग्रेस में थे उनको अब उत्तराखंड सरकार में मंत्री बनाया गया है। सतपाल महाराज साल 2014 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे। केंद्र में मंत्री रह चुके हैं और धार्मिक गुरु भी हैं।
No comments:
Post a Comment